• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

वाराणसी: चंदासी कोयला मंडी की तीन फर्मों ने झारखंड की फर्जी कंपनियों से लिया करोड़ों का फर्जी ITC, जीएसटी विभाग की कार्रवाई शुरू

Report By : ICN Network

वाराणसी की प्रसिद्ध चंदासी कोयला मंडी में एक बड़ा जीएसटी घोटाला सामने आया है। यहां की तीन कंपनियों ने झारखंड की फर्जी कंपनियों से कोयले की खरीद दिखाकर सरकार से करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल कर लिया, जबकि असल में कोई कोयला आपूर्ति नहीं की गई थी। यह पूरी लेनदेन सिर्फ कागज़ों पर की गई थी।

जब जीएसटी विभाग वाराणसी-I की टीम ने इन कंपनियों के दस्तावेज खंगाले, तो उन्हें झारखंड से आई उन फर्मों पर संदेह हुआ जिनसे माल की खरीद दिखाई गई थी। गहराई से जांच करने पर पता चला कि झारखंड की वह कंपनियां सिर्फ कागजों पर मौजूद थीं, उनका कोई वास्तविक व्यापार या गोदाम नहीं था।

इन तीनों फर्मों ने उन फर्जी कंपनियों से बड़ी मात्रा में कोयला खरीदने का दावा कर फर्जी बिल तैयार किए और उसके आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लिया, जो कि पूरी तरह अवैध था।

जीएसटी विभाग ने फिलहाल इन फर्मों से जुड़े सभी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और उनका रजिस्ट्रेशन सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही झारखंड के फर्जी फर्मों की जानकारी संबंधित राज्य के अधिकारियों को भेज दी गई है, जिससे अंतरराज्यीय कर धोखाधड़ी की जड़ तक पहुंचा जा सके।

अब इन तीनों कंपनियों की पूरा अकाउंटिंग इतिहास खंगाला जा रहा है, और ये पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसी तरीके से और भी फर्जी ITC क्लेम तो नहीं किए गए हैं। यदि दोष साबित होता है, तो इन कंपनियों पर GST अधिनियम की धारा 132 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जेल तक की सजा का प्रावधान है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)