• Sun. Sep 20th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गेलेक्टिक सिटी बिल्डर्स पर बड़ी कार्रवाई: डायरेक्टर्स पर लाखों की ठगी का आरोप, कोर्ट आदेश के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

ग्रेटर नोएडा। कोर्ट के निर्देश पर ईकोटेक-III थाना पुलिस ने गेलेक्टिक सिटी बिल्डर्स के छह निदेशकों सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ 17.11 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। एग्रीमार्ट केमिकल्स इंडिया लिमिटेड के निदेशक ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री कार्यालय के नाम पर उन्हें भवन बेचने का झांसा देकर मोटी रकम हड़प ली गई। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

सेक्टर स्वर्ण नगरी के रहने वाले सहदेव, एग्रीमार्ट केमिकल्स इंडिया लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। उन्होंने नॉलेज पार्क-5 स्थित गेलेक्टिक सिटी कंपनी के निदेशक रामवीर सिंह से किराए पर फैक्ट्री कार्यालय लेने के संबंध में मुलाकात की थी। इस दौरान उनकी भेंट फैक्ट्री के कर्मचारियों रमन नागर और अंकित कुमार से हुई, जिन्होंने उन्हें निर्माणाधीन भवन दिखाकर निवेश करने का लालच दिया।

कर्मचारियों ने चार महीने में निर्माण पूरा होने और निवेश पर भारी मुनाफे का भरोसा दिया। सहदेव उनके बहकावे में आकर 500 वर्ग फुट क्षेत्र की बुकिंग के लिए 21,000 रुपये जमा कर दिए। बिल्डर ने कुल 29.75 लाख रुपये में सौदा तय कर एग्रीमेंट तैयार कराया।

पीड़ित ने चेक और नकद के माध्यम से अलग-अलग तारीखों में कुल 17.11 लाख रुपये बिल्डर को दे दिए, जबकि शेष राशि बैनामा के समय देने की बात तय हुई। लेकिन चार महीने बाद जब वह निर्माण स्थल पहुंचे तो वहां काम अधूरा मिला। रमन और अंकित लगातार बहाने बनाते रहे।

21 जून 2025 को पीड़ित बिल्डर के कार्यालय पहुंचे, जहां सभी डायरेक्टर्स और कर्मचारी मौजूद थे। सहदेव ने समय पर निर्माण पूरा न होने पर अपनी जमा राशि लौटाने की मांग की।

सहदेव का आरोप है कि डायरेक्टर्स और कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए उनसे मारपीट की और पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

अंततः परेशान होकर उन्होंने कोर्ट का रुख किया, जिसके आदेश पर अब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तथ्य सामने आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)