ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के जलपुरा गांव में बृहस्पतिवार रात युवती (30) ने पांचवीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। युवती के कमरे से सुसाइड नोट मिला है जिस में लिखा कि महादेव, मेरी जिंदगी में अब बचा ही क्या है? मैं अब जीना नहीं चाहती। मेरी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के खोजी गांव निवासी बरखा सिंह यहां ट्विंस बिल्डिंग में अपनी नानी के पास बचपन से रहती थीं। उनकी मां की मौत हो चुकी है और पिता अलग रहते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने फ्लैट की छत पर गई थीं। वहां से उन्होंने पांचवीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली। एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मामले में परिजन की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।
मेकअप आर्टिस्ट बनना था सपना
पुलिस अधिकारी व फील्ड यूनिट ने घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। जांच में पता चला है कि युवती को उसकी नानी ने पढ़ाया-लिखाया है। परिजन ने बताया कि युवती कई दिन से मानसिक रूप से तनाव में थी। उसका सपना मेकअप आर्टिस्ट बनने का था। जिसे लेकर वह काफी समय से प्रयास कर रही थी। निजी कारणों और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह अवसाद में रहने लगी थी

