• Wed. Sep 23rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: प्रेमिका ने साउथ कोरियाई प्रेमी को मार डाला

REPORT BY : RITU RAJ

नोएडा के एटीएस पायस सोसाइटी में साउथ कोरियन मैनेजर डक ही लू की हत्या का आरोप उसकी लिव-इन पार्टनर पर लगा है। आरोप है कि मणिपुर की महिला मित्र ने विवाद के बाद चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की एटीएस पायस हाइडवेज सोसाइटी के एक फ्लैट में शनिवार देर रात साउथ कोरिया के एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मणिपुर निवासी महिला मित्र पर है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपी महिला मृतक के साथ सहमति संबंध में रहती थी। घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी महिला स्वयं मृतक को अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दूतावास को सूचना दी है।

मृतक डक ही लू मूलरूप से साउथ कोरिया के चेओंगजू शहर के रहने वाले थे। वो यहां एक कोरियन कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यारत थे। इस समय नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइडवेज सोसाइटी के एक फ्लैट में रह रहे थे। उनके साथ मणिपुर के जिला बिष्णुपुर  निवासी लुनजेएना पमाई भी सहमति संबंध में रहती थी

पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात दोनों ने शराब पी थी। उसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच आपस में विवाद हुआ। उसी दौरान महिला मित्र ने चाकू से हमला कर दिया। कुछ देर बाद आरोपी महिला गंभीर हालत में साउथ कोरिया नागरिक को एंबुलेंस में लेकर कासना स्थित जिम्स अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना कासना कोतवाली में दी। रविवार सुबह सूचना मिलने के बाद कासना पुलिस ने घटना स्थल से जुड़े नॉलेज पार्क थाना पुलिस को जानकारी दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एसीपी हेमंत उपाध्याय ने बताया कि है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

चाकू से हमला करने वाली महिला मित्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों लंबे समय से सहमति संबंध में रह रहे थे। नॉलेज पार्क थाने में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। साउथ कोरिया के दूतावास को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। 

सोसाइटी के लोगों ने खोले राज
जांच में पता चला है कि आरोपी युवती किसी जगह काम करती थी। वहीं पर मृतक की आरोपी से मुलाकात हुई थी। उसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। मृतक युवती को अपने साथ रखने लगा। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि दोनों के बीच कई बार झगड़ा हो चुका है। दोनों से घटना वाली रात भी शराब पी और फिर झगड़ा हुआ था। तभी घटना को अंजाम दिया गया। 

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )