Report By : ICN Network
Goa Stampede : गोवा के शिरगांव गांव में शुक्रवार रात को आयोजित प्रसिद्ध श्री लैराई देवी जात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भारी भीड़ के चलते मची भगदड़ में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा देर रात हुआ जब मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत कई प्रमुख नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
Goa Stampede : पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा, गोवा के शिरगांव में भगदड़ की वजह से लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हरसंभव मदद कर रहा है।
Goa Stampede : मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने की हालात की समीक्षा
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना के तुरंत बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि शिरगांव में लैराई जात्रा के दौरान हुई दुखद भगदड़ से बहुत आहत हूं। सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर स्थिति की जानकारी ली है और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। मामले की जांच की जाएगी।
Goa Stampede : कांग्रेस नेताओं ने भी जताया शोक
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि गोवा के शिरगांव में लैराई देवी मंदिर की यात्रा के दौरान हुई भगदड़ की खबर अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें और घायलों को जल्द स्वस्थ करें।
Goa Stampede : GPCC ने की सहायता की मांग
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (GPCC) ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। GPCC ने सरकार से मृतकों के परिजनों और घायलों को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित इलाज देने की मांग की है। साथ ही अपील की है कि लैराई जात्रा के शेष कार्यक्रम सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाएं।

