ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, कई यात्री घायल भी हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मुआवजे का ऐलान भी किया।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत
यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास एक डबल डेकर स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में बस के अंदर फंसे 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
आग इतनी भयानक थी कि शव बुरी तरह जल गए और कंकाल में बदल गए। कई शवों के अंग भी अलग हो गए। करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बस की बॉडी काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
दिल्ली से महोबा जा रही थी बस
राज कल्पना ट्रेवल्स की यह बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास ड्राइवर को बस के इंजन की तरफ आग लगने का पता चला।
इसके बाद उसने बस को ओवरटेकिंग लेन से हटाकर एक्सप्रेसवे के किनारे सोल्डर पर खड़ा कर दिया और आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने यात्रियों को बाहर निकलने के लिए आवाज लगाई।
इस दौरान बस में अफरा-तफरी मच गई। 20 से ज्यादा यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन 9 यात्री अंदर ही फंस गए और उनकी मौत हो गई।
घंटों तक सुलगती रही बस
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच गई। उस समय बस पूरी तरह आग की लपटों से घिरी हुई थी और उसके अंदर से लगातार धुआं निकल रहा था।
आग बुझाने के बाद भी बस और उसमें रखा सामान कई घंटों तक सुलगता रहा। इसके बाद सुरक्षा टीमों ने बस की अलग-अलग जगहों की बॉडी काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। सभी शवों और बरामद अंगों को कैलाश अस्पताल भेज दिया गया।

