• Tue. Sep 22nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

डेटिंग ऐप के ज़रिए ठगी करने वाला गैंग गिरफ्तार, ग्रेटर नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा

Report By : ICN Network

Noida Latest News: ग्रेटर नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गैंग ने डेटिंग ऐप की आड़ में लोगों से ठगी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सूरजपुर थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी GRINDR जैसे गे डेटिंग ऐप के जरिए लोगों से दोस्ती करते थे और फिर अश्लील मैसेज भेजकर होटल या सुनसान जगह मिलने के लिए बुलाते थे। जैसे ही पीड़ित मिलने आता, उसे कार में बैठाकर मारपीट की जाती और मोबाइल छीनकर UPI के माध्यम से खाते से पैसे ट्रांसफर करा लिए जाते।

पुलिस ने गिरोह के पास से घटना में प्रयुक्त कार, एक अवैध हथियार और 19,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल, शिवम, यश, मोहित सिंह सोलंकी, अमन और सूरज के रूप में हुई है, जो नोएडा के दादरी और सूरजपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यह गैंग सुनियोजित तरीके से घटनाओं को अंजाम देता था। पीड़ित को सुनसान स्थानों जैसे रुपबास तिराहा या किसी सोसाइटी के बाहर बुलाकर वारदात की जाती थी। अमन और सूरज गैंग में पैसे निकालने और बांटने का काम करते थे।

यह गिरोह 19 जून और 25 जून को दो वारदातों को अंजाम दे चुका है, जिनमें एक घटना रुपबास तिराहा और दूसरी मिग्सन ग्रीन सोसाइटी के बाहर हुई। सूरजपुर थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतें और किसी भी अनजान व्यक्ति से मिलने से पहले पूरी जानकारी जुटाएं।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)