• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गौतमबुद्धनगर-बुलंदशहर के 56 गांवों से होकर गुजरेगा ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे, जमीन की रजिस्ट्री पर लगी रोक

Report By : ICN Network

जेवर एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की दिशा में कार्यवाही तेज कर दी गई है। यूपीडा द्वारा प्रस्तावित 74.3 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के लिए चिन्हित भूमि में लगातार हो रही खरीद-फरोख्त को देखते हुए अब जमीन के बैनामों पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने 74.3 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए अधिसूचित जमीन की बढ़ती खरीद-फरोख्त को देखते हुए अब बैनामों पर रोक के आदेश दिए हैं।

यह लिंक एक्सप्रेसवे गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के 56 गांव की भूमि पर बनेगा। गंगा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे बनना है। यह 120 मीटर चौड़ा लिंक एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे पर 44.3 किलोमीटर यानी बुलंदशहर के सियाना क्षेत्र से शुरू होगा और यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर यानी सेक्टर-21 फिल्म सिटी के पास आकर जुड़ेगा। खास बात यह है कि लिंक एक्सप्रेसवे अब यमुना सिटी के किसी भी सेक्टर को काटकर नहीं जाएगा। पहले यह सेक्टरों के बीच से गुजर रहा था।

पहले इस लिंक एक्सप्रेसवे की लंबाई 83 किलोमीटर निर्धारित की गई थी, लेकिन नए सिरे से अलाइनमेंट तैयार किया गया है। संशोधित योजना के तहत इसे सेक्टरों से बचाते हुए सीधे सेक्टर-21 से जोड़ा जाएगा। एक्सप्रेसवे का निर्माण कुल 56 गांवों की जमीन पर प्रस्तावित है, जिनमें गौतमबुद्धनगर के 8 और बुलंदशहर जिले के 48 गांव शामिल हैं। इनमें से 14 गांव खुर्जा तहसील में आते हैं, जबकि शेष गांव बुलंदशहर, सियाना और शिकारपुर तहसीलों से संबंधित हैं।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)