• Sun. Oct 4th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

गाजियाबाद में पत्नी की नौकरी से नाराज पति ने की हत्या,खुद की गोद में सिर रख ली सेल्फी ,फिर लगा ली फांसी

Report By : Rishabh Singh, ICN Network

गाजियाबाद में पत्नी के जॉब करने से नाराज पति ने उसका दुपट्टे से गला घोंट दिया। उसका सिर अपनी गोद में रखा। उसकी सेल्फी खींचकर रिश्तेदारों को भेज दी। फिर खुद दुपट्टे से फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया।

फोटो देखते ही महिला का छोटा भाई भागते हुए घर पहुंचा। मगर तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना अंकुर विहार थाना क्षेत्र की शंकर विहार कॉलोनी की है।

DCP विवेक चंद्र यादव ने बताया- शुक्रवार शाम 4 बजे एक घर में पति-पत्नी के शव पड़े होने की सूचना मिली। जांच में पता चला कि मृतक श्याम गोस्वामी मूलरूप से एटा के रहने वाले थे।

वह गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे। पत्नी प्रिया (23) और 6 साल के बेटे के साथ यहां किराए के मकान में रहते थे। प्रिया नोएडा की एक कंपनी में जॉब करती थी।

पुलिस की जांच में पता चला कि दंपती के बीच काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। प्रिया का नोएडा में जॉब करना श्याम को पसंद नहीं था। वह अक्सर पत्नी से नौकरी नहीं करने के लिए कहता था। इसे लेकर दोनों में झगड़ा होता था। पता यह भी चला है कि प्रिया अक्सर कई-कई दिन नोएडा से गाजियाबाद नहीं आती थी।

श्याम ने जिस दुपट्टे से गला घोंटकर प्रिया की हत्या की, उसी दुपट्टे से फांसी लगाकर खुद भी जान दी। दोनों के गले पर एक ही दुपट्टे के टिश्यू भी मिले हैं। इसके अलावा जब प्रिया का छोटा भाई प्रवीण घर पहुंचा, तो दरवाजा अंदर से बंद था। इन दोनों बातों से स्पष्ट है कि पति ने पत्नी की हत्या करके जान दी।

घरवालों ने बताया- प्रिया की हत्या करने के बाद श्याम ने उसका सिर अपनी गोद में रखा। फिर मोबाइल से सेल्फी खींची और 5-6 रिश्तेदारों को भेजी। प्रिया की बड़ी बहन ने फोटो देखी, तो दंग रह गई। उसने प्रिया को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।

इसके बाद प्रिया का छोटा प्रवीण शाम 4 बजे घर पर पहुंचा। अंदर बहन की लाश बेड पर पड़ी थी। जीजा का शव कमरे में फांसी से लटका था। प्रवीण ने तुरंत यूपी-112 को सूचना दी। सूचना पर DCP विवेक चंद्र यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के भेज दिया।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)