• Fri. Sep 18th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

महाकुंभ को लेकर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पहली बार जारी किया टोल फ्री नम्बर

अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले महाकुंभ की तैयारियों को रेलवे ने अंतिम रूप दे दिया है। उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल इस बार महाकुंभ के मौके पर पहली बार एक टोल फ्री नंबर जारी करेगा, जो 18004199139 होगा। यह नंबर एक नवंबर 2024 से सक्रिय हो जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) हिमांशु बडोनी ने बताया कि इस टोल फ्री नंबर के जरिए देश के विभिन्न राज्यों के श्रद्धालुओं को महाकुंभ से जुड़ी सुविधाओं, विशेष ट्रेनों की जानकारी, और प्रयागराज के दर्शनीय स्थलों के बारे में जानकारी मिलेगी। यह टोल फ्री नंबर 24 घंटे काम करेगा और इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। श्रद्धालु इस नंबर पर हिंदी और अंग्रेजी समेत कुल 10 भाषाओं में संवाद कर सकेंगे।

महाकुंभ के चलते प्रयागराज जंक्शन के बाद प्रयागराज छिवकी पर भी “हैल्प यू” काउंटर खोला जाएगा। यहां यात्री होटल, अतिथि गृह, और कैब की बुकिंग जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।

महाकुंभ से पहले प्रयागराज को 21 रेलवे ओवर ब्रिज और रेल अंडर ब्रिज की सौगात मिल रही है, जिसमें से कुछ इस माह और कुछ अगले माह तक तैयार हो जाएंगे। प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान यात्रियों के सुरक्षित क्रॉस मूवमेंट के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे, जबकि सभी स्टेशनों की वाहन पार्किंग और पार्सल सेवा स्नान पर्वों के दौरान बंद रहेगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)