• Tue. Sep 22nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

यूपी: युवा उद्यमिता को नई उड़ान दे रहा मंगलायतन का इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन सेंटर


अलीगढ़। युवाओं को नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलायतन विश्वविद्यालय का यूनिवर्सिटी इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन सेंटर (यूआईआईसी) विद्यार्थियों के स्टार्टअप और नवाचारों को नई पहचान देने का कार्य कर रहा है। यहां युवा उद्यमियों को मंच, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराकर स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा दिया जाता है।
कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री युवा मिशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य युवा नवाचारकों को मेंटरशिप, वित्तीय सहयोग, इन्क्यूबेशन सुविधाएं और उद्योग जगत से जुड़ाव उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने विचारों को सफल उद्यमों में बदल सकें। कुलसचिव मनोज के. ने बताया कि विश्वविद्यालय का इन्क्यूबेशन सेंटर विद्यार्थियों को उनके व्यक्तिगत रुचि आधारित विचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

वर्तमान में कई छात्र तकनीक, स्वास्थ्य, शिक्षा और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में अपने स्टार्टअप शुरू कर चुके हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने बताया कि हम केवल स्टार्टअप को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा और उद्योग जगत के बीच सेतु का कार्य भी कर रहे हैं। सेंटर के माध्यम से नियमित रूप से कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे छात्र आधुनिक व्यावसायिक चुनौतियों के अनुरूप कौशल विकसित कर सकें। विशेष बात यह है कि विश्वविद्यालय ने बाहरी नवाचारकों, निवेशकों और मेंटर्स के लिए भी अपने द्वार खोल दिए हैं। इच्छुक आविष्कारक, निवेशक और विशेषज्ञ इस इन्क्यूबेशन सेंटर से जुड़कर नवाचार आधारित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं।
यूआईआईसी के अध्यक्ष प्रो. रविकांत ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा मिशन के साथ सहयोग प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा और स्टार्टअप इकोसिस्टम को और अधिक मजबूत बनाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार के सहयोग और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से मंगलायतन विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता और आर्थिक विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

छात्र माइकल और उनकी टीम ने स्वदानंद पहल की शुरुआत की, जबकि आलोक और उनकी टीम ने साबुन एवं डिटर्जेंट पाउडर निर्माण कंपनी स्थापित की है। वहीं, प्रतीक और उनकी टीम ने इवेंट मैनेजमेंट कंपनी शुरू कर उद्यमिता की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसके अलावा छात्र नए विचारों को साकार करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए जुड़ रहे हैं।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )