Modi Phone Call To Kharge: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। बेंगलुरु के एक अस्पताल में खरगे की पेसमेकर ट्रांसप्लांट सर्जरी हुई, जिसके बाद पीएम ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पीएम मोदी ने लिखा, “खरगे जी से बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने और निरंतर सुखमय जीवन की प्रार्थना करता हूँ।”
खरगे की सफल सर्जरी, हालत स्थिर
बुधवार (1 अक्टूबर 2025) को खरगे को चिकित्सा उपचार के लिए बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी पेसमेकर ट्रांसप्लांट प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई। कर्नाटक के मंत्री और खरगे के पुत्र प्रियांक खरगे ने ‘एक्स’ पर साझा किया, “पेसमेकर ट्रांसप्लांट की छोटी सी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मेरे पिता की हालत स्थिर है।” उन्होंने बताया कि खरगे के 3 अक्टूबर से अपने सभी निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने की संभावना है। प्रियांक ने समर्थन और स्नेह के लिए सभी का आभार जताया।
सिद्धारमैया और शिवकुमार ने दी शुभकामनाएं
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को बेंगलुरु के रमैया मेमोरियल अस्पताल पहुंचकर खरगे का हालचाल जाना। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से लिखा, “खरगे जी, आप जल्द पूर्ण स्वस्थ हों। हम आपके उत्तम स्वास्थ्य और शक्ति की कामना करते हैं।” कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। ईश्वर उन्हें जल्द पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करे ताकि वे अपनी बुद्धिमत्ता से पार्टी का मार्गदर्शन जारी रखें।”


