मुंबई में अनंत चतुर्दशी के मौके पर गणपति विसर्जन के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने जमकर हाथ साफ किया। विसर्जन यात्रा में शामिल कई श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन, सोने की चेन और दूसरे कीमती सामान चोरी हो गए।
पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग थानों में 200 से ज्यादा मोबाइल चोरी या गुम होने की शिकायतें पहुंचीं। इनमें 192 मोबाइल से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि मोबाइल और सोने की चेन चोरी के 10 अलग मामले भी सामने आए।
लालबाग, परेल और गिरगांव चौपाटी जैसे इलाकों में विसर्जन के दौरान काफी भीड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों के गिरोह ने लोगों की जेब और सामान पर नजर रखी।
पुलिस ने इस मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों के पास से अब तक 14 मोबाइल फोन और 7 सोने की चेन बरामद की गई हैं।
चोरी की बाकी घटनाओं का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही चोरी हुए मोबाइल को ट्रैक करने के लिए तकनीकी मदद भी ली जा रही है।

