• Sat. Oct 3rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

‘ताज होटल को जेल बना दिया…’ मेयर सस्पेंस के बीच संजय राउत का एकनाथ शिंदे पर तीखा वार

मुंबई में मेयर पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राउत का दावा है कि बीजेपी–शिंदे गठबंधन से जीतकर आए कॉरपोरेटर्स को डराकर ताज होटल में रखा गया है।

मीडिया से बातचीत में राउत ने कहा कि इस गठबंधन से जीतने वाले कॉरपोरेटर्स को इस आशंका में होटल में बंद किया गया है कि कहीं उन्हें उठाया, धमकाया या नुकसान न पहुंचाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे ने ताज होटल को जेल बना दिया है और वहां रखे गए 25 से 29 लोगों को तत्काल रिहा किया जाना चाहिए।

ठाणे में बयान देते हुए राउत ने कहा कि जब राज्य में सत्ता फडणवीस और शिंदे के पास है, तो उनके ही गठबंधन के कॉरपोरेटर्स को किडनैप या जबरन ले जाए जाने का डर क्यों है? उन्होंने ताज होटल की तुलना यरवदा या आर्थर रोड जेल से करते हुए इसे अधिकारों पर सीधा हमला बताया।

संजय राउत के ताज होटल जाने की घोषणा और लगाए गए आरोपों के बाद मुंबई पुलिस ने होटल की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है।

राउत ने दोहराया कि चुनाव जीत चुके कॉरपोरेटर्स को ताज होटल से बाहर निकाला जाना चाहिए। उनका कहना है कि उन्हें डर के माहौल में रखा गया है और कई लोग उनके संपर्क में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई में बीजेपी का मेयर कौन चाहता है—खुद एकनाथ शिंदे भी नहीं।

दरअसल, बृहन्मुंबई नगर निगम के 227 सदस्यीय सदन में बीजेपी को 89 सीटें, शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें और शिवसेना (UBT) को 65 सीटें मिली हैं। बीजेपी–शिंदे गठबंधन को स्पष्ट बहुमत के बावजूद मेयर पद को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शिंदे गुट ने अपने नवनिर्वाचित कॉरपोरेटर्स को बांद्रा के एक लग्जरी होटल में शिफ्ट किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि उन्हें ‘रिफ्रेश’ और ‘ओरिएंटेशन’ दिया जाएगा और वे कुछ दिनों तक होटल में ही रहेंगे।

इस बीच उद्धव ठाकरे के बयान ने भी सियासी अटकलें बढ़ा दीं। उन्होंने कहा कि अगर ‘देव’ चाहें तो मुंबई में शिवसेना (UBT) का मेयर बनेगा और आरोप लगाया कि शिंदे गुट बीजेपी से डर रहा है। इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुटकी लेते हुए पूछा कि ‘देव’ से उनका मतलब वे हैं या ऊपर वाले भगवान, और कहा कि ऊपर वाले ने तय कर दिया है कि मुंबई में महायुति का मेयर होगा।

राउत ने अंत में कहा कि विपक्ष के पास पर्याप्त संख्या है और वे चाहें तो कुर्सी हटा सकते हैं, लेकिन वे लोकतंत्र का सम्मान करते हैं।

  • अन्य दलों का प्रदर्शन
  • MNS (UBT के साथ गठबंधन): 6 सीटें
  • कांग्रेस (VBA के साथ): 24 सीटें
  • AIMIM: 8 सीटें
  • NCP (अजित पवार): 3 सीटें
  • समाजवादी पार्टी: 2 सीटें
  • NCP (शरद पवार): 1 सीट

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)