नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन और नियमित बिजली सप्लाई की मांग को लेकर चल रहा धरना रविवार को 21वें दिन भी जारी रहा। इसी बीच सेक्टर-113 थाना पुलिस ने 40 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को सेक्टर-123 स्थित पृथला फ्लाईओवर के पास प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगड़ गया था। आरोप है कि प्रदर्शनकारी सड़क पर पहुंच गए, नारेबाजी की और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, रोकने पर धक्का-मुक्की और मारपीट करने जैसे आरोप भी लगाए हैं।
स्थायी बिजली कनेक्शन की मांग
पुलिस की शिकायत के अनुसार, भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा की अगुवाई में 6 सितंबर से पृथला फ्लाईओवर के पास धरना चल रहा है। प्रदर्शनकारी डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए स्थायी बिजली कनेक्शन और नियमित सप्लाई की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कुछ जगह अस्थायी कनेक्शन दिए जा रहे हैं, लेकिन वहां बिजली के पोल तक उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
21 दिन से चल रहा धरना
बिजली की मांग को लेकर जारी इस आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं।
भारतीय किसान परिषद का दावा है कि डूब क्षेत्र में करीब ढाई से तीन लाख लोग रहते हैं और उन्हें बिजली जैसी बुनियादी सुविधा की परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अधिकारियों के सामने कई बार मुद्दा उठाने के बावजूद अभी तक स्थायी समाधान नहीं निकला है।
भूख हड़ताल कर रही महिलाओं की तबीयत बिगड़ी
धरने के दौरान भूख हड़ताल पर बैठी दो महिलाओं की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शन और तेज होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

