• Sun. Sep 27th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा में तय समयसीमा के बाद भी नहीं हुई रजिस्ट्री, अथॉरिटी ने बिल्डरों को चेताया

Report By : ICN Network

नोएडा में तय डेडलाइन के बावजूद अब तक कई फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं हो सकी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नोएडा अथॉरिटी ने बिल्डरों को कड़ी चेतावनी जारी की है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव की अध्यक्षता में क्रेडाई और बिल्डर प्रतिनिधियों के साथ 26 जून 2025 को एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें अमिताभ कांत कमेटी की नीतियों का लाभ ले चुके बिल्डरों को निर्देश दिए गए कि वे अपने प्रोजेक्ट्स में लंबित फ्लैटों की रजिस्ट्री जल्द से जल्द पूरी कराएं।

अथॉरिटी ने फ्लैट खरीदारों से भी अपील की है कि वे समय पर रजिस्ट्री करवाएं। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई कि यदि कोई खरीदार जानबूझकर रजिस्ट्री नहीं कराता है, तो उसका आवंटन निरस्त किया जा सकता है।

इससे पहले डीएम मनीष कुमार ने मई 2025 में ही बिल्डरों को निर्देश दिया था कि 31 मई तक सभी पात्र फ्लैटधारकों की रजिस्ट्री पूरी की जाए, लेकिन डेडलाइन बीतने के बाद भी कई प्रोजेक्ट्स में यह प्रक्रिया लंबित है। अब अथॉरिटी ने बिल्डर्स को अंतिम चेतावनी देते हुए 15 दिन की अतिरिक्त मोहलत दी है। तय समय में काम पूरा न होने की स्थिति में रेरा और भारतीय स्टांप अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि अभी तक 9 प्रोजेक्टों के करीब 1431 फ्लैटों की रजिस्ट्री अधूरी है। इसके साथ ही रजिस्ट्री की अनुमति और ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट से संबंधित दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा हुई। अथॉरिटी ने स्पष्ट किया कि यदि बिल्डर अब भी लापरवाही बरतते हैं, तो उन्हें अमिताभ कांत कमेटी के तहत मिली रियायतें वापस ले ली जाएंगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)