नोएडा में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन से पहले नोएडा-दिल्ली सीमा पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बॉर्डर से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा सके।
प्रदर्शन को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट मोड पर है। चिल्ला बॉर्डर समेत दिल्ली से जुड़े दूसरे रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस की टीमें वाहनों की तलाशी ले रही हैं और आने-जाने वालों पर नजर रख रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर भी जांच अभियान चलाया जा रहा है।
प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका के बीच नोएडा में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के घर पुलिस पहुंची। कुछ नेताओं को घर में ही नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस कार्रवाई को लेकर विपक्षी नेताओं ने नाराजगी भी जताई है।
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी विरोध जता रही है।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली और नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

