• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा STF की बड़ी कार्रवाई, चीन भेजे गए 11 करोड़ के मामले में आरोपी गिरफ्तार

नोएडा STF ने दिल्ली से एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिस पर शेल कंपनियों और हवाला नेटवर्क के जरिए बड़ी रकम चीन भेजने में शामिल होने का आरोप है। आरोपी की पहचान गणपत लाल राजपुरोहित के रूप में हुई है।

जांच के मुताबिक, दिसंबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच 11 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम कथित तौर पर अवैध तरीके से चीन भेजी गई। इस पूरे नेटवर्क में शेल कंपनियों और हवाला चैनल के इस्तेमाल की बात सामने आई है।

शेल कंपनियों के जरिए जुटाई जाती थी रकम

जांच में सामने आया कि नेटवर्क से जुड़ी कुछ कंपनियों में कथित तौर पर अंडर-इनवॉइसिंग की जाती थी। यानी सामान की असली कीमत से कम रकम का बिल बनाया जाता था और बाकी पैसा नकद में लिया जाता था।

इसके बाद इस नकदी को हवाला कारोबारियों के जरिए चीन भेजने का आरोप है। STF के अनुसार, दिल्ली के करोल बाग इलाके से इस नेटवर्क को संचालित किए जाने की जानकारी मिली।

पहले भी हुई थी गिरफ्तारियां

इस मामले में STF पहले एक चीनी नागरिक और उसके दो भारतीय सहयोगियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान कई कंपनियों से जुड़े दस्तावेज, चेकबुक और अन्य सामान मिलने की बात सामने आई थी।

आरोपी के पास से नकदी और दस्तावेज बरामद

STF के मुताबिक, आरोपी के पास से 8.20 लाख रुपये नकद, विदेशी मुद्रा, पासपोर्ट, क्रेडिट कार्ड, PAN कार्ड, अलग-अलग बैंकों की चेकबुक और GST से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।

फिलहाल STF इस कथित नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों, कंपनियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)