• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा/ग्रेनो: जिले के ज्यादातर इलाकों में लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा

बुधवार शाम से बृहस्पतिवार दोपहर तक हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बृहस्पतिवार को जिले के ज्यादातर इलाकों में लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा। सड़क, पार्क, परिसर, सेक्टर, सोसाइटी, अंडरपास पानी में डूबे नजर आए। कई जगह दो से 3 फीट तक पानी भर गया। बारिश की वजह से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सुबह बच्चे जूझते हुए स्कूल पहुंचे वहीं बड़ी तादाद में नौकरीपेशा कार्यालय में समय से नहीं पहुंच सके। बरसात का असर उद्योगों में भी उत्पादन पड़ा। वहीं श्रमिकों के नहीं पहुंचने की वजह से जिले के करीब 50 फीसदी औद्योगिक इकाइयों में कामकाज ठप रहा। वहीं स्कूलों में 20 से 30 फीसदी तक उपस्थिति दर्ज की गई।

सबसे बुरा हाल ग्रेनो वेस्ट और सेक्टर इकोटेक-3 एरिया रहा। ग्रेनो वेस्ट में सोसाइटियों के बाहर की सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी रही। जबकि औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3 में 2 से 3 फीट पानी भर गया। जगह-जगह बाइक और कार पानी में फंसकर खराब हो गई। यूपीसीडा की सूरजपुर साइट-बी व सी, साइट 4 व 5 का भी ऐसा ही हाल रहा। हल्दौनी मोड पर 3 फीट तक पानी जमा हो गया। यहां वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम के कारण वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला गया। सूरजपुर कस्बे का मुख्य मार्ग पानी में डूब गया। तिलपता गांव में भी डीएससी रोड पूरी तरह पानी में डूब रहा। अंसल ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी भी लबालब रही। उधर ग्रेनो वेस्ट के सभी सेक्टरों में जलभराव की समस्या रही। इस कारण लोग सोसाइटियों से बाहर नहीं निकल सके। टेकजोन-4, सेक्टर 16, 16 बी, 16सी व 4 की सड़कें से पानी नहीं निकल सका। नाले और नालियां गंदगी से अटे होने के कारण पानी नहीं निकल सका। लोगों ने प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाया है

ट्रैफिक सिग्नल भी हुआ ठप

जलभराव ने वाहनों की रफ्तार थाम दी। ग्रेनो वेस्ट के किसान चौक पर वाहनों की लंबी लाइन देखने को मिली। पर्थला से किसान चौक होकर गाजियाबाद की तरफ जाने वाली सड़क पूरी तरह से जाम रही। वाहनों की लंबी लाइन रही। वहीं किसान चौक से शाहबेरी गोल चक्कर की तरफ वाली सड़क पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। हल्दौनी व तिलपता में जाम ने लोगों को परेशान किया। वहीं राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल, सेक्टर-18, महामाया फ्लाईओवर, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे सहित कई प्रमुख मार्गों पर भी जलभराव के कारण घंटों यातायात प्रभावित रहा। बारिश के चलते शहर में ट्रैफिक सिग्नल ठप हो गए। चारों ओर से एक साथ वाहन गुजरते रहे। सिग्नल की आपूर्ति ठप होने के कारण ये स्थिति बनी। इस वजह से सड़कों पर लंबा जाम लग गया। बारिश के चलते विश्वकर्मा रोड पर सेक्टर 52 तक लंबा जाम लग गया। लेन के दोनों छोर पर इतना भर गया कि सड़कों पर वाहन थम गए। सुबह के समय मानो पूरा शहर थम गया हो। हर सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। डी पार्क वाले मार्ग पर भी लंबा जाम लग गया। पर्थला रोड पर भी जलभराव होने के कारण वाहनों को गुजरने में दिक्कतें हुईं। सेक्टर 15 के सामने स्थित मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। महामाया फ्लाईओवर, नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे, छिजारसी, सेेक्टर 63 समेत अधिकांश मार्ग पर वाहन फंसे रहे

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )