नगर निगम गुरुग्राम की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है। टैक्स ब्रांच की टीम ने सेक्टर-35 स्थित एक डिफॉल्टर संपत्ति मालिक की प्रॉपर्टी को सील कर दिया है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित संपत्ति पर 19,21,552 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। संपत्ति मालिक को कई बार लिखित नोटिस जारी किए गए थे और भुगतान के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया। इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं कराया गया। लगातार अनदेखी के चलते निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संपत्ति को सील कर दिया।
शहर में टैक्स संग्रह बढ़ाने और राजस्व अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार, नगर निगम का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि राजस्व व्यवस्था को सुचारु बनाना है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जो भी संपत्ति मालिक जानबूझकर टैक्स भुगतान में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

