राजस्थान में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण लॉटरी की नई तारीखें तय कर दी गई हैं। अब यह प्रक्रिया 23 और 24 सितंबर को पूरी की जाएगी। इसके जरिए जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण निर्धारित किया जाएगा।
23 सितंबर को जिला स्तर पर होगी प्रक्रिया
पंचायती राज विभाग के तय कार्यक्रम के अनुसार, 23 सितंबर को जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्यों, प्रधानों और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी।
इसके अगले दिन यानी 24 सितंबर को सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण तय किया जाएगा। यह प्रक्रिया उपखंड स्तर पर पूरी होगी।
जयपुर में भी तय हुआ कार्यक्रम
जयपुर जिले में 23 सितंबर को सुबह 10:15 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समितियों के प्रधानों और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण और सीटों का आवंटन किया जाएगा।
वहीं, 24 सितंबर को संबंधित उपखंड कार्यालयों में सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होगी।
पहले स्थगित हो चुकी थी लॉटरी
पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण लॉटरी पहले 17 और 18 सितंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन शहरी निकाय चुनावों में अधिकारियों की व्यस्तता के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। अब इसके लिए नई तारीखें घोषित की गई हैं।
इस प्रक्रिया के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का निर्धारण किया जाएगा।
15 नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य
राज्य सरकार ने पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 तक संपन्न कराने का लक्ष्य रखा है। आरक्षण लॉटरी पूरी होने के बाद चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
आरक्षण तय होने के बाद पंचायतों में चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों की नजरें अपने-अपने क्षेत्र की सीटों पर रहेंगी।

