• Sat. Sep 19th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

बारिश से दिल्ली एयरपोर्ट में टर्मिनल -1 की छत गिरी, गाड़ियां दबी 6 लोगो के घायल होने की सूचना

Report By : Ankit Srivastav, ICN Network

दिल्ली-NCR में गुरुवार को प्री-मानसून बारिश शुरू हुई, जो शुक्रवार (28 जून) को भी जारी है। रात में कुछ घंटे तेज बारिश हुई। इसके कारण दिल्ली-NCR के कई इलाकों में 2 से 4 फीट तक पानी भर गया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत गिर गई। इसकी चपेट में कई टैक्सियां और कारें आ गईं। इनमें बैठे 6 लोग घायल हो गए।

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह 5 बजे की है। गाड़ियों में फंसे लोगों को निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टर्मिनल-1 की छत की शीट के अलावा सपोर्ट बीम भी ढह गया है। इससे टर्मिनल के पिक-अप और ड्रॉप एरिया में खड़ी कारों को नुकसान पहुंचा। दमकल की तीन गाड़ियां एयरपोर्ट पर राहत-बचाव में जुटी हैं।

सिविल एविएशन मिनिस्टर के. राम मोहन नायडू ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा, ‘मैं निजी तौर पर हालात पर नजर रख रहा हूं। सभी एयरलाइंस को टर्मिनल-1 पर प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी गई है। घटनास्थल पर रेस्क्यू टीमें काम कर रही हैं। बचाव अभियान अभी भी जारी है।

मानसून ने गुरुवार (27 जून) को उत्तर भारत के तीन राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में एंट्री ली। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पंजाब के कुछ हिस्सों को मानसून ने कवर कर लिया। दक्षिण-पश्चिमी मानसून 11 जून से ही पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में रुका हुआ था।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)