• Sat. Jun 20th, 2026

ग्रेटर नोएडा: जीबीयू में दाखिले को लेकर दूसरे चरण की काउंसलिंग 25 जून 

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। इस वर्ष विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए लगभग 8200 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। जिससे जीबीयू के प्रति छात्रों का बढ़ता रुझान दिखाई दे रहा है। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया के तहत पांच जून को 650 छात्रों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया था।अब विवि की ओर से दूसरे चरण की काउंसलिंग-सह-प्रवेश प्रक्रिया 25 जून को आयोजित की जाएगी। इसके लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों की पात्रता रखने वाले करीब 1900 अभ्यर्थियों को ई-मेल के माध्यम से काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया गया है।

हालांकि बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई), बीटेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बीएससी बायोटेक्नोलॉजी और बीएससी फोरेंसिक साइंस जैसे लोकप्रिय पाठ्यक्रमों के लिए पात्रता सीमा 60 प्रतिशत निर्धारित की गई है। विवि प्रशासन के अनुसार, इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) के अंतर्गत बीएससी-बीएड, बीकॉम-बीएड और बीए-बीएड पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग भी 25 जून को ही आयोजित की जाएगी। इसके लिए वैध एनसीईटी स्कोर वाले लगभग 320 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। संबंधित पाठ्यक्रमों की विस्तृत मेरिट सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। इसके अलावा उच्च शिक्षा और शोध में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए भी अच्छी खबर है। विवि ने पीएचडी, बीएससी क्लिनिकल साइकोलॉजी, एक वर्षीय एलएलएम और एमएससी न्यूक्लियर साइंस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 12 जुलाई 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है।

इन पाठ्यक्रमों में आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। विवि प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी नवीनतम जानकारी, मेरिट सूची, काउंसलिंग कार्यक्रम और अन्य अधिसूचनाओं के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल का अवलोकन करते रहें। बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों और आगामी काउंसलिंग कार्यक्रमों को देखते हुए इस वर्ष जीबीयू में दाखिले को लेकर छात्रों के बीच विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )