• Fri. Jun 19th, 2026

ग्रेटर नोएडा: लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने के लिए प्राधिकरण करीब 1200 फीडिंग प्लेटफाॅर्म बनाएगा

ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटियों और सेक्टरों के बाहर लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने के लिए प्राधिकरण करीब 1200 फीडिंग प्लेटफाॅर्म बनाएगा। सोसाइटियों और सेक्टरों में बने बढ़ रहे विवादों को खत्म करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यह योजना बनाई है। फीडिंग प्लेटफाॅर्म कहां बनाए जाएंगे इसका फैैसला सात सदस्यीय समिति करेगी।प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक इस पूरी योजना पर 1.8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कार्य अलग-अलग चरणों में पूरा होना है। इसके लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिस भी स्थान पर प्लेटफाॅर्म बनेगा वहां प्राधिकरण की ओर से फीडिंग प्वाइंट का बोर्ड भी लगाया जाएगा।

लोगों को केवल इसी जगह पर लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने की अनुमति होगी।सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार लावारिस कुत्तों को सड़कों के किनारे या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर खुले में खाना नहीं खिलाया जा सकता। वहीं सोसाइटियों में पशु प्रेमियों और अन्य निवासियों के बीच अक्सर इस मामले पर विवाद और पुलिस केस होते रहते हैं। वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार गौतम का कहना है कि फीडिंग प्वाइंट तय करने के लिए एओए, आरडब्ल्यूए और पशु प्रेमियों के साथ बैठकें भी की जा रही हैं। इससे किसी स्थान को लेकर आम सहमति बन सकेगी। जहां आम सहमति नहीं बन पाएगी। वहां जगह इसके लिए गठित की गई सात सदस्यीय समिति करेगी। आवश्यकता के मुताबिक फीडिंग प्वाइंट की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )