• Sun. Oct 4th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

महाराष्ट्र में बसने जा रही है ‘तीसरी मुंबई’, CM फडणवीस ने साझा की परियोजना की खास बातें

Report By: ICN Network

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य सरकार रायगढ़ जिले में ‘तीसरी मुंबई’ विकसित करने जा रही है। इसका उद्देश्य मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में विकास को नई दिशा देना और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करना है।

फडणवीस ने यह ऐलान वर्ली में ग्लोबल इंवेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स के नए ऑफिस के उद्घाटन समारोह के दौरान किया। इस मौके पर निवेशकों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य के आर्थिक परिदृश्य में एक नया अध्याय लिखेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस नए शहर में अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के कैंपस, मेडिकल कॉलेज, इनोवेशन हब और रिसर्च सेंटर होंगे। इसके अलावा, क्वांटम कंप्यूटिंग और AI-बेस्ड सिस्टम जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष फोकस होगा।

उन्होंने कहा—
“सरकार विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और इस प्रोजेक्ट के लिए निजी क्षेत्र के साथ मिलकर काम कर रही है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर तेज़ी से विकास होगा और निवेशकों को सभी मंज़ूरियां शीघ्र मिलेंगी।”

फडणवीस ने भरोसा दिलाया कि ‘तीसरी मुंबई’ और मौजूदा मुंबई के बीच सीधी और तेज़ कनेक्टिविटी होगी। इसके लिए कोस्टल रोड, अटल सेतु और वर्ली-सिवरी लिंक रोड जैसे बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट अहम भूमिका निभाएंगे।

सीएम ने निजी निवेशकों से इस प्रोजेक्ट में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि महाराष्ट्र निवेशक-अनुकूल राज्य है और किसी भी अड़चन का तुरंत समाधान किया जाएगा।

इस मौके पर गोल्डमैन सैक्स के अध्यक्ष केविन स्नीडर और इंडिया सीईओ संजय चटर्जी ने भी भारत में कंपनी की यात्रा और अवसरों को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण साझा किया।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)