कासना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर बृहस्पतिवार को प्राथमिकी कासना कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
बुलंदशहर निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में वह अपनी बहन के साथ गौतमबुद्ध नगर में किराये पर रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान दनकौर क्षेत्र के खेरली हाफिजपुर गांव निवासी जितेन्द्र से हुई थी। आरोप है कि जितेन्द्र ने उससे शादी करने का वादा किया और लगातार उसे भरोसे में लेता रहा। पीड़िता के अनुसार, एक नवंबर 2024 को जितेन्द्र उसे मंदिर ले गया और वहां शादी करने की बात कही।
इसके बाद वह उसे कासना क्षेत्र के सिरसा गांव में किराये के कमरे में रखकर साथ रहने लगा। युवती का आरोप है कि जितेन्द्र खुद को उसका पति बताकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी दौरान उसने युवती की अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। पांच अप्रैल 2026 को युवती की इंस्टाग्राम आईडी पर जितेन्द्र की पत्नी ने मैसेज भेजकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की।
युवती ने आरोप लगाया कि इस बातचीत के स्क्रीनशॉट उसके पास सुरक्षित हैं। 13 मई 2026 को आरोपी की मां मंजू ने फोन कर कथित रूप से धमकी दी कि अब उसके बेटे की शादी हो चुकी है और यदि उसने जितेन्द्र का पीछा नहीं छोड़ा तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा। युवती का कहना है कि फोन कॉल की रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। इसी बातचीत के दौरान उसे पहली बार पता चला कि जितेन्द्र पहले से शादीशुदा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 21 मई 2026 की शाम करीब छह बजे वह सिरसा गांव स्थित किराये के कमरे में अकेली थी। तभी जितेन्द्र अपने पिता चमन, चाचा सुन्दर, भाई अंशूल, साला अमन, ससुर और एक अन्य रिश्तेदार के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि सभी लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। युवती का कहना है कि उसे कमरे में बंधक बनाकर जबरन वीडियो बनवाया गया और खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए।
आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उसे डराया-धमकाया और जातिसूचक टिप्पणी की। वहीं जितेन्द्र ने कथित रूप से युवती को धमकी दी कि यदि उसने पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति से शिकायत की तो उसकी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे।
पीड़िता ने खुद को डरा-सहमा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। वहीं कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

