• Fri. Oct 2nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

यूपी बीजेपी जिलाध्यक्षों की लिस्ट आज हो सकती है जारी, इन नेताओं को नहीं मिलेगा मौका!

Report By : ICN Network

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिलाध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची आज, 16 मार्च को घोषित हो सकती है। पार्टी के 98 संगठनात्मक जिलों में से 85 जिलाध्यक्षों के नामों का ऐलान संभावित है। हालांकि, यह घोषणा प्रदेश स्तर पर न होकर प्रत्येक जिले में नियुक्त चुनाव अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने उन नेताओं को सूची से बाहर कर दिया है जो लगातार दो बार जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा, 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के नेताओं को भी कम अवसर मिलने की संभावना है। बताया जा रहा है कि अधिकतर नए जिलाध्यक्षों की उम्र 45 से 60 साल के बीच होगी।

बीजेपी कार्यकर्ता फरवरी से ही इस सूची के जारी होने का इंतजार कर रहे थे। पहले संगठन की ओर से कहा गया था कि महाकुंभ समाप्त होने के बाद लिस्ट आएगी, फिर दावा किया गया कि होली के बाद घोषणा होगी। अब खबर है कि कोई सूची जारी नहीं होगी, बल्कि हर जिले में चुनाव अधिकारी खुद नामों की घोषणा करेंगे।

जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी अंतिम निर्णय लिया जाएगा। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की, जिसमें यूपी संगठन से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में यूपी कैबिनेट विस्तार पर भी विचार-विमर्श हुआ। यदि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की जगह कोई नया चेहरा आता है, तो संभावना है कि उन्हें योगी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, आयोगों और कमेटियों में खाली पड़े पदों पर भी नेताओं की नियुक्ति की जा सकती है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)