• Tue. Sep 15th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

Uttarakhand: पीसीएस भर्ती के लिए रिक्तियों की जानकारी देने में देरी, अभ्यर्थी आवेदन के इंतजार में

Report By : ICN Network

राज्य में पीसीएस परीक्षा के लिए रिक्तियों की सूचना देने में विभागों की कार्यशैली काफी धीमी रही है। जनवरी से ही कार्मिक विभाग विभिन्न विभागों को पत्र भेजकर रिक्तियों का ब्योरा मांग रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इस देरी को देखते हुए अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हाल ही में एक बैठक में सभी विभागों को सख्त चेतावनी दी है।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 25 जून को प्रस्तावित है। हालांकि, परीक्षा की तिथि नजदीक आने के बावजूद अधियाचन अब तक आयोग को नहीं भेजा गया। शासन स्तर पर कार्मिक विभाग ने 4 जनवरी को ही विभागों को पत्र लिखकर रिक्तियों की जानकारी मांगी थी, लेकिन विभागों की सुस्ती के कारण प्रक्रिया रुकी हुई थी।

पिछले सप्ताह अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बैठक में इस देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी विभागों को 13 मार्च तक रिक्तियों का ब्योरा देने के निर्देश दिए थे। अब विभागों ने जानकारी भेजनी शुरू कर दी है, जिसे संकलित करने के बाद कार्मिक विभाग इसे लोक सेवा आयोग को अधियाचन के रूप में भेजेगा। आयोग इस अधियाचन की समीक्षा करेगा और यदि कोई कमी पाई जाती है, तो उसे ठीक करने के बाद विज्ञापन जारी किया जाएगा।

अभ्यर्थियों की मांग है कि प्रारंभिक परीक्षा पूर्व निर्धारित तिथि 25 जून को ही कराई जाए। इस पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आश्वासन दिया कि जल्द ही अधियाचन भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)