ग्रेनो वेस्ट की फ्यूजन होम्स सोसाइटी के टावर-जी में रहने वाली एक महिला ने बुधवार की दोपहर 18वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। हालांकि, अभी आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बिसरख कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां उसकी के साथ रहतीं थीं, लेकिन आत्महत्या के कारण से वह अंजान हैं।
राजस्थान के श्रीगंगानगर की नीतू मदान की शादी छह साल पहले तरुण के साथ हुई थी। वह पति के साथ सोसाइटी के टावर-जी की 7वीं मंजिल के फ्लैट में रहती थी। उसके पति अपनी टैक्सी चलाते हैं। नीतू के साथ उसकी मां भी रहती थी। तरुण के पिता इसी टावर में 18वीं मंजिल पर अकेले रहते हैं। तरुण की मां का देहांत हो चुका है।
ससुर के फ्लैट में जाकर उठाया कदम
बुधवार को तरुण के पिता दवा लेने दिल्ली गए थे। उनके फ्लैट की चाबी नीतू के फ्लैट में थी। तरुण भी घर पर नहीं था। पुलिस ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे नीतू 18वीं मंजिल के फ्लैट में पहुंची और अंदर से दरवाजा बंद कर बालकनी से छलांग लगा दी। सोसाइटी के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
बिसरख कोतवाली के प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पति व मृतक की मां से बातचीत की जा रही है। मृतका के के मायके वालों को भी जानकारी दे दी गई है। उनके राजस्थान से आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके से सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। महिला का कोई बच्चा भी नहीं है।

