• Sun. Sep 27th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के लिए डिपो से चलेंगी 10 अतिरिक्त बसें

नोएडा। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम नोएडा डिपो 10 अतिरिक्त बसें चलाएगा। इसके लिए निगम की ओर से तैयारी कर ली गई है। बसों में यात्रा करने वाले यात्री ऑनलाइन टिकट पहले से भी बुक करवा सकते हैं।
हरिद्वार के लिए आम दिनों में जहां सिर्फ चार बसें चलती हैं, वहीं तीन नवंबर से यात्रियों की सुविधा के लिए यह संख्या बढ़ाकर 14 कर दी जाएगी। परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पांच नवंबर को गंगा स्नान का विशेष पर्व है। इस दिन हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए दो दिन पहले से ही अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। सीट मिलने के साथ-साथ वह आसानी से यात्रा कर सकें। उन्होंने बताया कि सेक्टर-35 स्थित नोएडा डिपो से हरिद्वार जाने वाली बसें सुबह से रात तक अलग-अलग समय पर रवाना होंगी। जिससे यात्रियों को अपने सुविधा अनुसार समय मिल सके। टिकट दरें सामान्य ही रहेंगी, ताकि आम जनता को कोई अतिरिक्त खर्च न उठाना पड़े। गढ़ मुक्तेश्वर होकर भी कई शहरों के लिए बसें चलती हैं, लेकिन इस बार वहां के लिए अतिरिक्त बसों की जरूरत नहीं पड़ी है। आरएम के अनुसार, हरिद्वार की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या हर साल गंगा स्नान के दौरान कई गुना बढ़ जाती है, इसलिए वहां विशेष इंतजाम किए गए हैं।

प्री टिकट बुकिंग की रहेगी सुविधा
यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले बस अड्डे पर पहुंचें और भीड़ से बचने के लिए पहले ही टिकट बुक कर लें। निगम का उद्देश्य यह है कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सभी लोग सुरक्षित, सुगम और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। इस कदम से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )