• Wed. Feb 4th, 2026

दिल्ली: ईश्वर का ध्यान कर नए संकल्प के साथ हुई 2026 की शुरुआत

नव वर्ष 2026 का स्वागत लोगों ने ईश्वर का स्मरण और नए संकल्प के साथ किया। साल के पहले दिन शहरभर में आस्था का उत्सव देखने को मिला। पौ फटते ही मंदिरों, मस्जिदों, गिरजाघरों और गुरुद्वारों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने अपने-अपने आराध्य के दर पर माथा टेककर शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। नए साल की शुरुआत आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ की।

कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में तड़के से लंबी कतार देखने को मिलीं। भीड़ इतनी अधिक थी कि दर्शनार्थियों की कतार मंदिर से निकलकर कॉनॉट प्लेस की सड़कों तक पहुंच गई। यही हाल गणेश जी मंदिर, गोल मार्केट स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, झंडेवाला मंदिर और कालकाजी मंदिर का भी रहा, जहां दिन भर भक्तों का आना-जाना लगा रहा। इस्कॉन द्वारका में जेएनयू के प्रोफेसर और इस्कॉन द्वारका से जुड़े प्रचारक प्रो. अमल कृष्ण दास ने परंपरा और आधुनिकता के अनूठे संगम के साथ कीर्तन प्रस्तुत किया। 

गोल डाकखाना स्थित सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल चर्च में लोग अपने परिवार के साथ प्रार्थना के लिए पहुंचे। गुरुद्वारा बंगला साहिब में भारी संख्या में संगत उमड़ी और मत्था टेककर अरदास की और लंगर में सेवा भाव से हिस्सा लिया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि नए वर्ष पर कमेटी के अधीन लगभग सभी प्रमुख गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन समागम आयोजित किए गए।  

दुकानदारों ने दाम किए दोगुने…
कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि भारी भीड़ देखते हुए खाने-पीने की दुकान लगाने वालों ने रेट दुगने कर दिए। सामान्य दिनों में जो ब्रेड पकोड़े 15 से 20 रुपये के मिलते थे वह एक नए साल पर 40 से 80 रुपये के मिले। 20 रुपये की प्लेट 50 रूपये जबकि 20 की कचौड़ी के दाम 40 रुपये पीस लिए गए। चाय 10 रुपये से 20, पानी की बोतल भी 30 से 35 रुपये में बिकी। जूस गिलास जो आम दिनों में 40 रुपये में मिलता था उसके दाम 60 से 70 रुपये कर दिए गए।

25 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे चिड़ियाघर 
साल के पहले ही दिन चिड़ियाघर में कुल 25,111 लोग पहुंचे। बीते साल एक जनवरी को 25,346 पर्यटक चिड़ियाघर पहुंचे थे। चिड़ियाघर प्रशासन की ओर से आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। इसके अलावा बड़े जानवरों के बाड़े के बाहर सिक्योरिटी गार्ड ज्यादा संख्या में तैनात रहें। 

नए साल पर मेट्रो में उमड़ी भीड़, यात्री हुए परेशान
नए साल के जश्न का असर बृहस्पतिवार को दिल्ली मेट्रो में भी साफ दिखाई दिया। दोपहर बाद से ही शहर के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जुटने लगी। हालात ऐसे हो गए कि कई बार सुरक्षाकर्मियों को प्लेटफॉर्म पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों को स्टेशन के बाहर ही रोकना पड़ा। राजीव चौक, पटेल चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, आईटीओ और जनपथ जैसे व्यस्त मेट्रो स्टेशन सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। शाम ढलते ही हालात और बिगड़ गए और मेट्रो स्टेशनों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। दिल्ली मेट्रो प्रशासन और सुरक्षाकर्मी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए। देर रात तक प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बनी रही। 

रूहानी शुरुआत, चादर और फूलों से महकी दरगाह
नए साल की सुबह हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह का मंजर रूहानी सुकून और गहरी आस्था से सराबोर नजर आया। यहां की फिजाओं में गुलाब के फूलों की महक और कव्वालियों की धीमी गूंज घुली हुई थी। दरगाह के बाहर गलियों में कदम रखते ही चारों तरफ लोगों का हुजूम लगा रहा। हर तरफ रंग-बिरंगी फूलों की टोकरियां और मखमली चादरें लिए लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भीड़ इतनी थी कि लंबी कतारें लगी रहीं, अकीदतमंदों के चेहरे पर थकान की बजाय रूहानी चमक नजर आ रही थी। 

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )