• Wed. Feb 4th, 2026

जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने दो आतंकी ढेर,लश्कर का टाप आतंकी कमांडर बासित डार मारा गया

Report By : Rishabh Singh, ICN Network

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया। मारा गया पहला आतंकी लश्कर का टॉप कमांडर बासित डार है। बासित पर 10 लाख रुपए का इनाम था। वह कश्मीर में कई लोगों की हत्या में शामिल रहा है।

मारे गए दूसरे आतंकी का नाम फहीम अहमद है। वह ओवर ग्राउंड वर्कर था, जो आतंकियों की मदद करता था। हालांकि फहीम को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने उस घर में ब्लास्ट किया, जहां आतंकी छिपे थे। इससे घर में आग लग गई। मारे गए दोनों आतंकियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि उन्हें रेडवानी पाईन इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सोमवार देर रात तलाशी अभियान शुरू किया गया, जो मुठभेड़ में बदल गया।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में 4 मई को एयरफोर्स जवानों पर हुए आतंकी हमले में पांच जवान घायल हुए थे। इलाज के दौरान एक जवान की मौत हो गई। यह हमला पुंछ के शाहसितार इलाके में हुआ। आतंकियों ने सुरक्षाबलों के दो वाहनों पर भारी फायरिंग की। इसमें से एक वाहन एयरफोर्स का था। दोनों गाड़ियां सनाई टॉप जा रही थीं। आतंकियों की गोलियां वाहन के सामने और साइड वाले शीशे को पार कर गईं।

सुरनकोट में 21 दिसंबर को सेना के काफिले पर आतंकियों ने हमला किया था। इसमें 5 जवान शहीद हो गए थे। वारदात को 4 आतंकियों ने अंजाम दिया था। आतंकियों ने अमेरिकी M-4 कार्बाइन असॉल्ट राइफल से स्टील बुलेट फायर की थीं। ये स्टील बुलेट सेना के वाहनों की मोटी लोहे की चादर को पार करते हुए जवानों को लगीं।

पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट (PAFF) ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। आतंकियों ने सोशल मीडिया पर हमले वाली जगह की तस्वीरें भी जारी कीं, जिसमें M-4 राइफल के इस्तेमाल का दावा किया गया।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)