• Wed. Feb 18th, 2026

Navi Mumbai: न्हावा शेवा बंदरगाह पर नौ करोड़ रुपये का पाकिस्तानी माल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Report By : ICN Network

नवी मुंबई। न्हावा शेवा बंदरगाह पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,115 मीट्रिक टन पाकिस्तानी माल जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह माल 39 कंटेनरों में छिपाकर भेजा गया था।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत की गई, जिसका उद्देश्य तीसरे देशों, खासकर दुबई के माध्यम से हो रहे अवैध पाकिस्तानी आयात को रोकना है। जांच में सामने आया कि यह माल पहले पाकिस्तान से दुबई भेजा गया और फिर वहां से भारत के लिए दोबारा कंटेनर में पैक कर रवाना किया गया था।

इस मामले में एक आयातक फर्म के साझेदार को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने माल की मूल उत्पत्ति छिपाने और कस्टम दस्तावेजों में हेरफेर करने की कोशिश की थी। डीआरआई की जांच में यह बात स्पष्ट हुई कि माल को गलत तरीके से यूएई से आयातित घोषित किया गया था, जबकि उसकी असली उत्पत्ति पाकिस्तान थी।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमलों के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात और पारगमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही, ऐसे सामानों पर 200% कस्टम ड्यूटी लागू की गई थी। इसके बावजूद कुछ व्यापारी नीतिगत खामियों और शिपिंग चैनलों का दुरुपयोग कर इस प्रतिबंध को दरकिनार करने की कोशिश करते हैं।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)