ग्रेटर नोएडा। यमुना नदी के जलस्तर बढ़ने का अलर्ट जारी होने के बाद प्रशासन की टीम ने सोमवार रात से ही डूब क्षेत्र से लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया। देर रात तक जिला प्रशासन की टीम ने अनाउंसमेंट कर लोगों को बाहर निकाला। एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने बताया कि बाढ़ का अलर्ट जारी होने के बाद तहसील की टीमें डूब क्षेत्र में तैनात कर दी गईं हैं। शाम से ही लोगों को डूब क्षेत्र से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजने का सिलसिला शुरू हुआ। लोगों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। नोएडा के सेक्टर-135 में बड़ी संख्या में लोगों को बाहर निकाला गया। सामान के साथ लोग पशुओं को लेकर बाहर निकल गए है
बनाए गए हैं शरणालय
प्रशासन ने जगह-जगह शरणालय बनाए हैं। जेवर तहसील के जूनियर हाई स्कूल फलेदा बांगर और सदर तहसील के संचार केंद्र सिंचाई विभाग याकूतपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुलेसरा, प्राथमिक पाठशाला बदौली बांगर, अमीचंद इंटर कॉलेज कासना,. सिविलियन विद्यालय घरबरा और प्राथमिक पाठशाला लखीमपुर बांगर को शरणालय बनाया गया है। तहसील दादरी ने सामुदायिक केंद्र सेक्टर 115, आरएस इंटर कॉलेज स्कूल चोटपुर, नंदा पब्लिक स्कूल चोटपुर, जागृति पब्लिक स्कूल चोटपुर, डीवीपी पब्लिक स्कूल यूसुफपुर चकसावेरी , साक्षी पब्लिक स्कूल छजारसी, कंपोजिट विद्यालय छजारसी और कन्हैया पब्लिक स्कूल हैबतपुर को शरणालय बनाया गया है।

