• Wed. Feb 18th, 2026

नोएडा: खाद्य विभाग द्वारा, 550 किग्रा पनीर कराया नष्ट

ग्रेटर नोएडा। खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार देर रात नोएडा के भंगेल में पनीर से लदी एक गाड़ी को पकड़ा है। गाड़ी से 550 किग्रा पनीर बरामद हुआ है। प्राथमिक जांच में पनीर में स्टार्च की मिलावट पाई गई है। यह पनीर उपयोग के लिए खराब था। रविवार को विभाग ने नोएडा प्राधिकरण की मदद से पनीर को नष्ट करा दिया। एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भी भेजा है। अफसरों ने बताया कि पनीर हरियाणा के मेवात से लाया गया था और एनसीआर में बेचा जा रहा था। ऐसे वाहनों की भी जांच होगी।

दिवाली पर खाद्य पदार्थों की जरूरत को पूरा करने के लिए मिलावटखोर मिलावटी सामान तैयार कर रहे हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए खाद्य विभाग लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रहा है। शनिवार की रात भी विभाग ने एक गाड़ी में बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर पकड़ा है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल व रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने भंगेल के पास गाड़ी को पकड़ा है। जो हरियाणा के गुरस्कर हथीन मेवात स्थित जंगी मिल्क प्लांट से पनीर लेकर आई थी। गाड़ी में करीब 12 कुंतल पनीर था। दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में पनीर की सप्लाई कर रहा था। आरोपी भंगेल में भी सप्लाई करने आया था, तभी टीम ने पकड़ लिया। मौके पर पनीर में आयोडिन मिलाकर जांच की गई तो स्टार्च की मिलावट मिली। उसके बाद पनीर को जब्त कर एक दुकान में रख दिया गया।

रविवार को नोएडा प्राधिकरण की मदद से 550 किग्रा पनीर को नष्ट कर दिया गया है।
जांच में पता चला है कि पनीर को 240 से 250 रुपये प्रति किग्रा की दर से बेचा जा रहा था। बड़ी मात्रा में पनीर को बेचा जा चुका है। पनीर का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भी भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ और मेवात से बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर दिल्ली एनसीआर में बेचा जा रहा है। इन गाड़ियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )