जिला नगर योजनाकार विभाग ने खोरी कला और खाखरी क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों और ग्रीन बेल्ट में संचालित ढाबों को ध्वस्त कर दिया। राजस्व एस्टेट खोरी कला, तहसील तावड़ू में नियंत्रित क्षेत्र के भीतर लगभग 12 एकड़ में फैल चुकी अवैध कॉलोनियों को जमींदोज़ किया गया। इसके अलावा तावड़ू- सोहना शेड्यूल्ड रोड की हरित पट्टी में बनाए गए आठ ढाबों, कियोस्क और दुकानों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में डीटीपी नूंह बिनेश कुमार मौजूद रहे ।
पहली कार्रवाई खोरी कला पुलिस चौकी के सामने विकसित की जा रही करीब छह एकड़ की कॉलोनी में की गई, जहां चार निर्माणाधीन भवन, चार बाउंड्री वॉल, पांच डीपीसी और पूरा रोड नेटवर्क तोड़ दिया गया। इसके बाद टीम राजस्थान सीमा के निकट दूसरी कॉलोनी पर पहुंची, जहां छह एकड़ में बनाई जा रही अवैध बस्ती में पांच निर्माणाधीन भवन छत स्तर तक, एक अधनिर्मित ढांचा, चार बाउंड्री वॉल और दस डीपीसी को ध्वस्त किया गया। इसके पश्चात टीम ने इधर ही दूसरे क्षेत्र में तावड़ू–सोहना मुख्य मार्ग की प्रतिबंधित ग्रीन बेल्ट में संचालित आठ अवैध ढाबों और दुकानों पर कार्रवाई करते हुए सभी ढांचों को हटा दिया।