गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलेशन (सीएंडडी) वेस्ट और कचरे की अवैध डंपिंग पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने कड़ा रुख अपनाया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस मार्ग पर कचरा या मलबा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत 24 घंटे विशेष टीमें तैनात रहकर क्षेत्र की निगरानी करेंगी और अवैध डंपिंग में लिप्त वाहनों को जब्त कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, डंपिंग में प्रयुक्त वाहनों को जब्त करने के बाद छोड़ा नहीं जाएगा।
शुक्रवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर किसी भी स्थिति में कचरे व मलबे की अवैध डंपिंग न होने पाए। उन्होंने कहा कि राउंड-द-क्लॉक निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मौके पर ही कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों को रोका जा सके।
सीएंडडी वेस्ट के लिए 20 कलेक्शन सेंटर बनाने का निर्णय
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में सीएंडडी वेस्ट के समुचित निपटान के लिए 20 कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों को प्रेरित किया जाएगा कि वे अपने यहां से निकलने वाले निर्माण सीएंडडी वेस्ट को नजदीकी कलेक्शन सेंटर तक पहुंचाएं, ताकि सड़कों और खुले स्थानों पर मलबा न फेंका जाए