मुंबई: मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाले अटल सेतु से सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है। शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक में अटल सेतु पर टोल में 50 प्रतिशत की छूट को एक और साल तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी गई। साथ ही इलेक्ट्रिक मोटर कारों और बसों के लिए टोल पूरी तरह माफ करने के प्रस्ताव को भी नोटिफिकेशन में शामिल करने की स्वीकृति मिल गई है। इससे ई-वाहन चालकों के साथ अन्य यात्रियों को भी फायदा होगा।
दरअसल, महाराष्ट्र सरकार ने 4 जनवरी 2024 को अटल सेतु पर टोल में 50% छूट देने का निर्णय लिया था। उसी फैसले के तहत 1 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक रियायती टोल वसूली की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही अन्य वाहनों के लिए एकतरफा यात्रा के टोल रेट भी तय किए गए हैं।
- टोल दरें (एकतरफा यात्रा):
- मोटर कार/जीप/वैन/हल्के मोटर वाहन: ₹250 (रियायती ₹200), अतिरिक्त ₹50
- लाइट कमर्शियल/लाइट गुड्स व्हीकल/मिनी बस: ₹400 (रियायती ₹320), ₹80
- ट्रक या बस (2-एक्सल): ₹830 (रियायती ₹655), ₹170
- थ्री-एक्सल कमर्शियल व्हीकल: ₹905 (रियायती ₹715), ₹185
- हैवी कंस्ट्रक्शन/अर्थ-मूविंग मशीनरी व मल्टी-एक्सल: ₹1300 (रियायती ₹1030), ₹270
- वेरी हैवी व्हीकल (7 या अधिक एक्सल): ₹1500 (रियायती ₹1255), ₹325
इस फैसले से अटल सेतु पर आवागमन और अधिक सुगम होने की उम्मीद है, खासकर ई-वाहन उपयोगकर्ताओं के लिए।

