नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने लूट की वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी नौकर व उसके साथियों की तलाश की जा रही है, हालांकि शुक्रवार शाम तक उनका कुछ पता नहीं लगा था। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित कारोबारी का व्हिस्की बनाने का कारोबार है। इस घटना की सूचना पुलिस को बृहस्पतिवार को करीब साढ़े सात बजे मिली थी। सूचना के बाद नई दिल्ली जिले के पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच में पता लगा कि आरोपी नौकर पिछले कई वर्षों से परिवार के साथ काम कर रहा था और घर के हर सदस्य का भरोसा जीत चुका था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ वारदात की साजिश रची। सभी आरोपियों ने मास्क पहने हुए थे। नौकर ने अपने साथियों को घर में घुसा लिया था। लूट के अलावा परिवार को पीटा भी
आरोपियों ने शराब करोबारी अशोक चावला के घर में मौजूद बुजुर्ग पिता, पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है पीड़ित कारोबारी के परिवार के साथ काफी मारपीट की गई। वारदात के दौरान आरोपी सीधे उस स्थान पर पहुंचे, जहां नकदी और जेवरात रखे थे। आरोपियों ने अलमारियों को खंगालकर लाखों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोने के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए। तलाश में तीन टीमें गठित
पुलिस ने घायल परिजनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटनास्थल से पुलिस ने अहम साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ समेत तीन टीमें गठित की गई हैं।

