प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र काशी का दौरा करेंगे, जहां वह बाबा विश्वनाथ से गंगा तक के संबंध को और मजबूत करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री बरेका में आयोजित नारी सम्मेलन को संबोधित करने के साथ-साथ 6300 करोड़ रुपये की 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें से 48 नवनिर्मित परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि 112 परियोजनाओं की नींव रखी जाएगी।
इन परियोजनाओं में गंगा किनारे के प्राचीन घाटों के जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। इस कार्य के लिए कुल 41 करोड़ 21 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। काशी को पहले ही नए घाट के रूप में नमोघाट मिल चुका है, और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर सहित कई घाटों का कायाकल्प किया जा चुका है। अब काशी के सबसे अधिक भीड़ वाले दशाश्वमेध घाट के जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास के लिए 827 लाख रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है, जिसका शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे।