अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में जिला प्रशासन की ओर से श्रमिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि श्रमिक दिवस के अवसर पर विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें श्रमिकों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
डीएम ने जानकारी दी कि 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण के लिए जमीन का आवंटन कर दिया गया है। यह अस्पताल करीब सात एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा और पूरी तरह से श्रमिकों के लिए समर्पित होगा। अस्पताल के निर्माण से क्षेत्र के हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जेवर क्षेत्र में एक कंपोजिट विद्यालय का निर्माण किया जाएगा। जिससे स्थानीय बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।श्रमिकों के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं