• Tue. May 5th, 2026

ग्रेटर नोएडा: 25 मई को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप

गौतमबुद्ध नगर में 25 मई को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय ओपन कुश्ती चैंपियनशिप होगी। भागमल सिंह भाटी की पहली पुण्यतिथि पर ग्रेटर नोएडा के गिरधरपुर गांव में इसका आयोजन होगा। इसमें देश-विदेश के करीब 300 पहलवान दांव-पेच दिखाएंगे। इनमें से करीब 130 महिला-पुरुष पहलवान गौतमबुद्ध नगर से होंगे। आयोजकों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों में जोंटी भाटी, कलवा गुर्जर, तुषार भाटी, अजय भाटी आदि शामिल हैं। हामिद इरानी और जलाला पहलवान भी चैंपियनशिप में अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। आयोजक व कोच रंजीत पहलवान का कहना है कि जिले से करीब 30 महिला पहलवान इस दंगल में भाग लेंगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार होगा अखाड़ा
रंजीत पहलवान ने बताया कि आयोजन को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने के लिए तैयारियां की जा रहीं हैं। दर्शक अखांड़े के पास न पहुंचे, इसके लिए हरियाणा के जींद से मैदान को कवर करने के लिए जाल मंगाई जा रही है। इससे पहलवानों को बेहतर और सुरक्षित माहौल मिलेगा। इसके अलावा दर्शकों के बैठने, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का भी खास ध्यान रखा जा रहा है। रविंद्र भाटी, योगी भाटी, जितेंद्र भाटी, मनीष प्रधान, परीक्षित नागर, अमित भाटी, राजेंद्र पहलवान, पवन भाटी, ब्रजेश भाटी आदि के सहयोग से आयोजन किया जा रहा हैं।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )