यमुना प्राधिकरण (यीडा) की 973 आवासीय भूखंड की योजना के लिए 1,05,842 आवेदन मिले हैं। छह मई को बंद हुई योजना से पंजीकरण धनराशि के तौर पर 6856.45 करोड़ रुपये प्राधिकरण में जमा हो गए हैं। सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि आवासीय भूखंड की योजना के लिए लोगों की मांग आवेदनाें की संख्या के रूप में साफ दिखती है। जल्दी ही प्राधिकरण अन्य आवासीय योजनाएं भी लांच करेगा। प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक सबसे अधिक 55,583 आवेदन 200 वर्गमीटर साइज के भूखंड के लिए आए हैं। इसके बाद 162 वर्गमीटर साइज के लिए 46,912 आवेदन मिले हैं।
आवेदनों की संख्या अधिक होने की वजह से बैंकों की तरफ से आवेदकों को दी गई ईएमडी की सुविधा भी बताई गई है। इससे अधिक संख्या में आवेदकों को पंजीकरण धनराशि जमा करने की सहूलियत मिली। योजना की लाॅटरी की तैयारी अब प्राधिकरण ने शुरू कर दी है। 18 जून को यह लॉटरी प्राधिकरण कराएगा जिससे भूखंड का आवंटन किया जा सके।