• Tue. Sep 22nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: फ्लैट दिलाने के नाम पर एक व्यापारी से 87 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला

फ्लैट दिलाने के नाम पर एक व्यापारी से 87 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने सनशाइन इंफ्रावेल प्राइवेट लिमिटेड के कथित निदेशक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोर्ट में दिए गए प्रार्थनापत्र में सेक्टर-51 निवासी व्यापारी तुलसीदास ने बताया है कि अवनिंद्र कुमार सिंह नामक व्यक्ति ने उन्हें सेक्टर-78 स्थित सनशाइन हेलिओस सोसाइटी में फ्लैट दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद उनकी मुलाकात हरेन्द्र यादव और साउद सलीम से कराई गई। हरेंद्र यादव ने खुद को कंपनी का निदेशक बताया। टावर एफ के एक फ्लैट का सौदा 2.10 करोड़ रुपये में तय हुआ। पीड़ित ने आरटीजीएस, यूपीआई और नकद माध्यम से किस्तों में कुल 87.31 लाख रुपये जमा कर दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने बायर एग्रीमेंट नहीं किया और कब्जा नहीं दिया। बाद में फ्लैट की कीमत बढ़ने की बात कहकर 68 लाख रुपये अतिरिक्त मांगे गए। रकम न देने पर पहले जमा राशि जब्त करने की धमकी दी गई। फिर बाद में वादों की गड़बड़ी सामने आई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )