सेक्टर-118 स्थित अजनारा एम्ब्रोसिया सोसाइटी के सैकड़ों फ्लैट खरीदारों ने रविवार को प्रोजेक्ट साइट पर प्रदर्शन करते हुए वर्षों से लंबित फ्लैटों के कब्जे की मांग उठाई। इस बीच लोग तख्तियां लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए।
खरीदारों ने बताया कि प्रदर्शन में खासतौर पर टावर एफ और एच के खरीदार बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक भुगतान और औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद उन्हें अब तक फ्लैट का वास्तविक कब्जा नहीं दिया गया है। फ्लैट खरीदारों का कहना है कि लंबे समय से देरी के कारण परिवार आर्थिक और मानसिक दबाव झेल रहे हैं। कई खरीदारों ने आरोप लगाया कि वे एक ओर बैंक की ईएमआई चुका रहे हैं तो दूसरी ओर किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि टावर एफ और एच में कई फ्लैट लगभग तैयार हैं, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं दिया जा रहा है।
सीआईआरपी प्रक्रिया की लेट लतीफी पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान खरीदारों ने चल रही सीआईआरपी प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। आरोप है कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है और प्रोजेक्ट की प्रगति, फंड के उपयोग तथा लंबित कार्यों को लेकर खरीदारों को स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। उन्होंने कहा कि वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई बड़ा सुधार दिखाई नहीं दे रहा। होमबायर्स ने आईआरपी और अजनारा प्रबंधन से टावर एफ और एच के लिए स्पष्ट और समयबद्ध कब्जा योजना घोषित करने, पात्र खरीदारों को तत्काल कब्जा देने, टावरवार निर्माण और वित्तीय स्थिति सार्वजनिक करने तथा खरीदारों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने की मांग की।

