• Mon. May 25th, 2026

ग्रेटर नोएडा: किन्नर का शव मिलने से सनसनी

ग्रेटर नोएडा के गांव तुगलपुर में रविवार को एक किन्नर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। किन्नर के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को फेंका गया है। 

पुलिस के अनुसार रविवार को गांव तुगलपुर में एक किन्नर के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया। जिसमें मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। 

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक क्षेत्र में लंबे समय से रह रहा था। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और हत्या, आपसी रंजिश सहित अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि मामले में गहनता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )