शहर के सेक्टर-107 और 100 में सोसाइटी व सेक्टर के निवासी करीब 7 हजार परिवारों के लिए राहत की खबर है। यहां की 7 सोसाइटी व सेक्टर-100 के सेक्टर प्लॉट में अब पानी के लो प्रेशर व हाई टीडीएस की समस्या दूर होगी। इसके लिए यहां पर अलग से सेक्टर-107 में प्राधिकरण 3000 किलोलीटर क्षमता का यूजीआर (भूमिगत जलाशय) बनवाने जा रहा है। इसका निर्माण शुरू हो गया है। इस यूजीआर को गंगाजल की गाजियाबाद से आने वाली लाइन से सीधे जोड़ा जाएगा। भविष्य में जरूरत बढ़ने पर दो ट्यूबवेल भी बनेंगे। परियोजना की लागत 2 करोड़ 95 लाख रुपये है। प्राधिकरण के जल विभाग ने अगले 4 महीने में यह काम पूरा करने का दावा किया है।
यूजीआर के लिए पाइप लाइन बिछाए जाने के लिए सेक्टर-107 में ग्रेट वैल्यू शरणम से लेकर सनवर्ड वनलिका सोसाइटी के सामने विश्वकर्मा रोड की सर्विस रोड के नीचे पड़ी सीवर लाइन हटाई जाएगी। फिर यहां पर नई सीवर लाइन बिछेगी। इसके लिए जल विभाग ने प्रतीक एडफिश सोसाइटी के सामने दोनों तरफ का रास्ता बंद कर सड़क उखाड़ने और खोदाई का काम शुरू करवा दिया गया है। जलखंड के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि सीवर लाइन शिफ्ट कराने के लिए उखाड़ी जा रही सड़क को संविदाकार बनवाकर सौंपेगा।

