• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों में विधायक पंकज सिंह ने जनसंवाद कर लोगों की समस्याएं सुनीं

नोएडा में विधायक पंकज सिंह ने रविवार को कई सेक्टरों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए। सबसे पहले उन्होंने सेक्टर-100 के आरडब्ल्यूए और निवासियों के साथ संवाद किया। इसके अलावा सेक्टर-45 स्थित आम्रपाली सफायर-2 सोसाइटी, सेक्टर-22, सेक्टर-35 के गरिमा विहार अपार्टमेंट, सेक्टर-119 की आम्रपाली प्लेटिनम और एल्डिको आमंत्रण सोसाइटी में भी जनसंवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। अब सोमवार को अधिकारी इन सभी स्थानों पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करेंगे और समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे।

सेक्टर-100 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद अवाना ने बताया कि निवासियों की मांग पर विधायक ने आश्वासन दिया कि सेक्टर में जल्द ही सामुदायिक केंद्र और बाजार के निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। जनसंवाद के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, सीवर, जल निकासी, पार्कों के रखरखाव, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं।

लोगों ने कई स्थानों पर नई खुली शराब की दुकानों पर भी आपत्ति जताई। निवासियों का कहना था कि कुछ दुकानें नियमों के विपरीत संचालित हो रही हैं। इस पर विधायक पंकज सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

एल्डिको आमंत्रण के एओए अध्यक्ष संदीप मित्तल ने बताया कि सोसाइटी में बिजली और पानी की समस्या प्रमुख मुद्दा रही। पंप हाउस में 11 केवीए का कनेक्शन होने के बावजूद बिजली आपूर्ति में बाधा आती है, जिससे पंप हाउस प्रभावित होता है और पानी की किल्लत भी पैदा हो जाती है। इसके अलावा सोसाइटी के बाहर अतिक्रमण, खराब स्ट्रीट लाइट और जर्जर सड़कों की समस्याएं भी उठाई गईं। उन्होंने बताया कि आठ महीने पहले डाली गई पानी की पाइपलाइन के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। विधायक ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

सेक्टर-35 स्थित गरिमा विहार अपार्टमेंट के निवासियों ने खुले नाले को ढकने की मांग उठाई। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष गिरीश चंद पाठक ने बताया कि सड़कों के सुधार, ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को सुरक्षित बनाने और अपार्टमेंट के बाहर खड़ी बसों की लंबी कतार हटाने की मांग भी रखी गई। विधायक ने सभी समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )