• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: पूर्व वरिष्ठ कर्मचारी और उसकी पत्नी पर करीब 2.10 लाख रुपये की ठगी का आरोप 

एक निजी कंपनी के कर्मचारी ने अपने पूर्व वरिष्ठ कर्मचारी और उसकी पत्नी पर करीब 2.10 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दिल्ली निवासी शुभम का कहना है कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। कंपनी में उनके वरिष्ठ रहे सुशांत सिसोदिया ने लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और नौकरी में प्रमोशन, बेहतर नौकरी दिलाने और कारोबार शुरू कराने का झांसा देकर कई बार रुपये लिए। नौकरी जाने के डर से वह किसी को इस बारे में नहीं बता सके और आरोपी को बार-बार पैसे देते रहे। आरोपी अक्सर रात में फोन कर विभिन्न बहाने बनाकर रुपये मांगता था। जब उन्होंने नई नौकरी दिलाने की बात याद दिलाई तो आरोपी ने अपने पिता के आईसीयू में भर्ती होने और वेंटिलेटर पर होने का हवाला देकर फिर रुपये मांगे। सहानुभूति में उन्होंने रकम दे दी। अलग-अलग तारीख में उन्होंने कुल 2.10 लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए थे।
जब वह अपने रुपये वापस मांगने के लिए फोन करते थे तो आरोपी की पत्नी फोन उठाकर उन्हें धमकाती थी और कहती थी कि दोबारा पैसे मांगने पर रेप के झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।

इससे डरकर उन्होंने पैसे मांगना बंद कर दिया। शुभम का आरोप है कि बाद में उन्हें पता चला कि आरोपी ने अन्य युवकों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )