भीषण गर्मी में आमजन को राहत पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण के सहयोग एवं बचपन बचाओ सेवा समिति (एनजीओ) के प्रयासों से सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल के समीप तथा सेक्टर-62 डी-पार्क के पास पियाऊ एवं मानवता की दीवार का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीमती वंदना त्रिपाठी(IAS) एवं ओएसडी श्री इंदु प्रकाश (PCS) द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर वर्क सर्किल-4 के सीनियर मैनेजर श्री प्रदीप साहू, जल विभाग के सीनियर मैनेजर श्री अशोक वर्मा, मैनेजर श्री वैभव नगर, अवर अभियंता श्री राजेश कुमार सिंह सहित नोएडा प्राधिकरण के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने कहा कि बचपन बचाओ सेवा समिति का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी है। भीषण गर्मी के इस दौर में पियाऊ की व्यवस्था से राहगीरों एवं आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे उन्हें काफी राहत मिलेगी। उन्होंने संस्था द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी प्रयास जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
ओएसडी श्री इंदु प्रकाश ने कहा कि “मानवता की दीवार” एक उपयोगी एवं मानवीय पहल है। इसके माध्यम से जिन लोगों के पास अतिरिक्त कपड़े, पुस्तकें, कॉपियां एवं अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध है, वे उन्हें यहां रख सकते हैं तथा जरूरतमंद लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार इनका लाभ उठा सकते हैं। यह पहल समाज में सहयोग, संवेदनशीलता एवं परोपकार की भावना को मजबूत करेगी।
बचपन बचाओ सेवा समिति के अध्यक्ष श्री कैलाश शाह एवं महासचिव श्री गौरव कुमार यादव ने नोएडा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राधिकरण के सहयोग से संस्था निरंतर जनहित एवं समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ना तथा उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है।
महासचिव श्री गौरव कुमार यादव ने जानकारी दी कि संस्था द्वारा बच्चों की शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि बचपन बचाओ सेवा समिति जरूरतमंद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए तन, मन एवं धन से समर्पित है।
संस्था के राष्ट्रीय सचिव श्री एम.एल. यादव एवं श्री अजय कुमार सिंह ने बताया कि उद्घाटन समारोह के उपरांत संस्था की ओर से राहगीरों एवं आमजन के बीच शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से कैलाश शाह (अध्यक्ष), सुरेश शाह (उपाध्यक्ष), गौरव कुमार यादव (महासचिव), मनोज कुमार जायसवाल (कोषाध्यक्ष), एम.एल. यादव (राष्ट्रीय सचिव), अजय कुमार सिंह, (राष्ट्रीय सचिव) बरकत अली (अध्यक्ष, रेडी-पटरी संगठन), अली अकबर (महासचिव), मोहम्मद कलाम, विवेक सिंह, दिलीप प्रजापति, मुरली, मीना देवी, शैलेश श्रीवास्तव, टी.एन. झा, रामबाबू सुवेनदु सिन्हा, संजय गुप्ता, सोनू शर्मा, उमेश सिंह, सरोज गुप्ता ,राहुल ,आकाश ,प्रिंस ,विजय भान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


